शनिवार, 16 फरवरी 2013

चमत्कारों का पर्दाफाश जागरूकता पर कार्यक्रम explaining miracles

चमत्कारों का पर्दाफाश जागरूकता पर कार्यक्रम explaining miracles
 आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अलाहर में अंधविश्वास निवारण एवं चमत्कारों का पर्दाफाश विषय पर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
इस अवसर पर विज्ञान अध्यापक दर्शन लाल ने विद्यार्थियों को बताया कि भूत-प्रेत, दुष्टात्मा, जादू-टोना, आदि सब भ्रामक बातें है जिन का प्रयोग करके कुछ तथाकथित लोग अपना उल्लू सीधा करते है। उन्होंने बताया कि विज्ञान की तरक्की के इस युग में इन आधारहीन बातों को मनवाने के लिए ठग रूपी सयाने आदि कहलाने वाले लोग कुछ तथाकथित चमत्कार दिखा कर भोले भाले लोगों को अपने जाल में फंसा लेते हैं और फिर उनका सब प्रकार से शोषण करते है और सब कुछ लुटवाने के बाद जब पता चलता है कि वो तो ठगे गए हैं तो उन्हें बहुत पछतावा होता है।
विज्ञान शिक्षण का महत्वपूर्ण उद्देश्य यह होना चाहिए कि समाज को इन तथाकथित चमत्कारों से मुक्ति दिलवाई जाए। 

इसी कड़ी के अंतर्गत आज विद्यार्थियों को कुछ चमत्कार कहे जाने वाले विज्ञान प्रयोग करके दिखाए गए जिन में रासायनिक पदार्थों और हाथ की सफाई का इस्तेमाल करके लोगो को मूर्ख बनाया जाता है। सोडियम व पोटाशियम परमेगनेट आधारित आग उत्पन्न करने वाले प्रयोग, द्रवों का रंग बदलना, हल्दी व चूने की अभिक्रिया के प्रयोग करके दिखाए गए। चमत्कारों और जादू के पीछे छिपे वैज्ञानिक सिद्धांतों, रासायनिक अभिक्रियाओं और हाथ की सफाई का खुलासा किया गया ताकि लोग इन चमत्कारों से प्रभावित होकर ठगे ना जा सकें।
इस कड़ी में कपिल कुमार व अंशुल काम्बोज ने ने 'भूत नहीं होता' नामक लघु नाटिका का मंचन करके बालकों के मन से भूत-प्रेत अदि अंधविश्वासों का उन्मूलन किया।
इको क्लब और सी वी रमण विज्ञान क्लब की मासिक गतिविधियों के अंतर्गत यह महीना अंधविश्वास उन्मूलन को समर्पित किया गया है। अगले महीने खाद्य पद्धार्थों में मिलावट बारे जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।


अखबारों  में 
प्रस्तुति: ईमली इको क्लब रा.व.मा.वि.अलाहर जिला,यमुना नगर हरियाणा 
द्वारा: दर्शन लाल बवेजा (विज्ञान अध्यापक)

बुधवार, 30 जनवरी 2013

सौन्दर्यीकरण प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में प्रथम School Beautification award


सौन्दर्यीकरण प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में प्रथम  School Beautification award
बधाइयां बधाइयां .......
मुख्यमंत्री स्कूल सौन्दर्यीकरण प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अलाहर को जिले में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। प्रदेश के सरकारी स्कूलों की सुन्दरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री स्कूल सौन्दर्यीकरण प्रोत्साहन पुरस्कार योजना चलाई गयी है जिस में विभिन्न बिंदुओं के तहत स्कूलों का निरीक्षण किया जाता है और फिर ब्लाक स्तर, जिला स्तर व राज्य स्तर पर सबसे सुंदर स्कूल को चुना जाता है। इस योजना के बहुत ही बेहतर परिणाम देखने को मिल रहे है। सभी अध्यापक व विद्यालय प्रबंधन समितियां अपने स्कूल का नाम रोशन करने के लिए काफी रूचि दिखा रहे है। ब्लाक स्तर पर पचास हजार रूपये, जिला स्तर पर एक लाख रूपये व राज्य स्तर पर पांच लाख रुपयों का नगद पुरस्कार दिया जाता है।
गणतंत्र दिवस पर मुख्य अतिथि मुख्य संसदीय सचिव श्री राम किशन गुर्जर ने अलाहर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री नरेंद्र धींगड़ा को डेढ़ लाख रुपयों का चैक, प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। गणतंत्र दिवस की परेड के अवसर पर दर्शन लाल बवेजा, संजय शर्मा, संजय गौतम, नित्यानंद अध्यापक भी तेजली स्टेडियम में उपस्थित रहे। विद्यालय व गाव अलाहर में इस पुरस्कार को प्राप्त करके सभी बहुत खुश हुए।
जिले भर में अलाहर का सरकारी स्कूल विज्ञान, सांस्कृतिक, समाज सेवा, इको क्लब गतिविधियों और अंतर्राष्ट्रीय गतिविधियों में अपना परचम लहरा चुका है
प्रधानाचार्य ने बताया कि यह उनके स्कूली अध्यापकों व बच्चों की मेहनत का ही परिणाम है कि उनके स्कूल को सौंदर्यीकरण के मामले में प्रथम स्थान हासिल हुआ है। उन्होंने कहा कि सौंदर्यीकरण के मामले में अब प्रदेशभर में प्रथम स्थान पर रहने वाले स्कूल का चयन किया जायेगा उसके लिए उनके स्कूल की तरफ से तैयारियां शुरू कर दी है। पुरस्कार में प्राप्त इस धनराशि का प्रयोग स्कूल में सौंदर्यीकरण को बढ़ाने के लिए किया जायेगा।
गौरतलब है कि जिला के एडीसी डाक्टर श्री सतबीर सिंह सैनी के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने गत दिनों विद्यालय का निरीक्षण किया था। निरीक्षण में उन्होंने विद्यालय को बेहतर पाया था।
ग्राम पंचायत के सरपंच श्री महिंदर सिंह ने इस अवसर पर कहा सरकार की इस योजना से अध्यापकों एवं बच्चों का स्वच्छता व सौन्दर्यीकरण के प्रति रुझान बढ़ेगा और स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों में प्रतियोगिता की भावना जागृत होगी।
जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती जगजीत कौर, उप जिला शिक्षा अधिकारी श्री तेजपाल, खंडशिक्षा अधिकारी श्री रामेश्वर सैनी ने विद्यालय की इस उपलब्धी पर स्टाफ सदस्यों व विद्यार्थियों को बधाइयां दी हैं। इस अवसर पर संजय शर्मा, संजय गौतम, सुभाष चंद, रविंदर कुमार, मनोहर लाल, सुनील कुमार, दर्शन लाल, सुनीता, लवलीन, संदीप आदि अध्यापकों का सराहनीय योगदान रहा।

अखबारां  मा .....




शनिवार, 10 नवम्बर 2012

प्रदूषण मुक्त दिवाली Pollution Free Diwali

प्रदूषण मुक्त दिवाली Pollution Free Diwali


आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अलाहर में प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाने में लिए इमली इको क्लब के सदस्यों ने एक जागरूकता इको मार्च गावं अलाहर में निकाला। इस रैली को विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री नरेंद्र ढींगरा ने रवाना किया।
प्रधानाचार्य श्री नरेंद्र ढींगरा
इस इको मार्च में बच्चों को सम्बोधित करते हुए प्रधानाचार्य ने कहा कि दिवाली भारतीयों का बहुत हर्षोल्लास का त्यौहार है । इस त्यौहार में आतिशबाजी पर्यावरण को बहुत हानि पहुंचाती है पटाखों से निकला धुंआ और ध्वनि जीव जंतु व वनस्पति सब को प्रभावित करता है। 
मानव को जितना प्रदूषण से कष्ट होता है, उसकी अपेक्षा सौ गुना अधिक कष्ट कुत्ते, बिल्ली, पशु-पक्षी एवं सूक्ष्म जीव-जंतुओं को होता है।
दर्शन लाल विज्ञान अध्यापक
इको क्लब इंचार्ज दर्शन लाल विज्ञान अध्यापक ने बताया कि पटाखों का कुछ पल का मज़ा वातावरण में ज़हर घोल देता है। इनमें मौजूद नाइट्रोजन डाइआक्साइड, सल्फर डाइआक्साइड, कार्बन डाइआक्साइड जैसी  हानिकारक प्रदूषक गैसे दमा व ब्रान्काइटिस जैसी सांस से संबंधी बीमारियों को जन्म देते हैं। पटाखोंमें बडी मात्रा में विषैले घटक होते हैं । उसमें विद्यमान तांबा, कैडनियम, सीसा, मैग्नेशियम, जस्ता, सोडियम इत्यादि घटकों के कारण पटाखे जलाने पर उससे विषैली वायु उत्सर्जित होती है।  ध्वनि का स्तर दिन के समय 55 डेसिबल तथा रात्रि के समय 45 डेसिबल तक होना चाहिए । रात्रि दस बजे से प्रातः छः बजे तक पटाखे जलाना प्रतिबंधित है । मनुष्य व प्राणी 70  डेसिबल तक ध्वनि सह सकता है । इस लिए इस बार की दिवाली पर सब पटाखों को चलाने से बचें और पर्यावरण की रक्षा करें। पटाखों में विद्यमान धातु तथा रासायनिक पदार्थों के संयोग से निर्माण होने वाला प्रदूषण मानवीय स्वास्थ्य के लिए घातक होता है। इसी प्रकार पटाखे जलाते समय लगने वाली चोट अथवा दुर्घटना बच्चों के लिए चिंताजनक है। कार्बन मोनोआक्साईड एवं नाइट्रोजन डाइआक्साईड जैसी विषैली गैसें आतिशबाजी के जलने से से निर्माण उत्पन्न होती  है, जो मानवीय जीवन के लिए अत्यंत घातक है। 
प्रवक्ता संजय शर्मा
प्रवक्ता संजय शर्मा ने बताया कि वास्तव में सिर दर्द, बहरापन तथा मानसिक अशांति इत्यादि व्याधियां उत्पन्न होती हैं। हृदयरोग, रक्तदाब, अस्थमा, क्रोनिक ब्राँकायटिस इत्यादि से पीडित लोगों के लिए यह अधिक घातक है । गर्भवती स्त्रियां, वृद्ध मनुष्य, छोटे बच्चों के लिए भी अधिक खतरे की संभावना होती है।  पटाखे जलाते समय सर्वसाधारण निरोगी व्यक्तियों को भी अपच, सर्दी-खांसी, मानसिक अशांति, सिर दर्द, धडकन बढना इत्यादि रोग होते हैं।  मानव को जितना प्रदूषण से कष्ट होता है, उसकी अपेक्षा सौ गुना अधिक कष्ट कुत्ते, बिल्ली, पशु-पक्षी एवं सूक्ष्म जीव-जंतुओं को होता है। दीपावली में पटाखे जलाने के प्रचलन के संदर्भ में हिंदु धर्म शास्त्र  में कोई भी आधार नहीं है। आनंद के क्षणों में पटाखे जलाने की प्रथा विदेशी है, परंतु अब पर्यावरण के लिए यह एक राष्ट्रीय समस्या बन गई है।
श्री नित्यानन्द
श्री नित्यानन्द ने बताया कि हिंदू देवता एवं राष्ट्रपुरुषों के चित्र अथवा उनके नाम वाले पटाखोंका उत्पादन बडी मात्रा में किया जाता है। दीपावली तथा अन्य उत्सवों के अवसर पर पटाखे जलाने से देवता एवं राष्ट्रपुरुषों के चित्रों का अनादर होता है और हमें इस पाप से बचना चाहिए। 
जागरूकता रैली
इस अवसर पर संजीव कुमार, दर्शन लाल गगन ज्योति, सोनिया शर्मा, नित्यानन्द, संजय गौतम, जसविंदर कौर अध्यापकों का योगदान सराहनीय रहा। 


पंजाब  केसरी अखबार में ........

दैनिक  जागरण अखबार में ........ 


प्रस्तुति: ईमली इको क्लब रा.व.मा.वि.अलाहर जिला,यमुना नगर हरियाणा 
द्वारा: दर्शन लाल बवेजा (विज्ञान अध्यापक)

सोमवार, 15 अक्तूबर 2012

विश्व खाद्य दिवस World Food Day oct 16, 2012

विश्व खाद्य दिवस World Food Day oct 16, 2012  
प्रधानाचार्य श्री नरेंद्र ढींगरा
आज रा.व.मा.वि. अलाहर में विश्व खाद्य दिवस 2012  के अवसर पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिस में इको क्लब के सदस्यों को विश्व खाद्य दिवस के बारे में बताया गया। प्रधानाचार्य श्री नरेंद्र ढींगरा ने बताया कि यह दिन पूरे विश्व में इस लिए मनाया जाता है ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दुनिया में भूख के खिलाफ लड़ाई में किए गए प्रयासों को जाना जा सके। गत वर्ष  संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) की पहल पर दुनिया भर में विश्व खाद्य दिवस के मौके पर ‘बढ़ती खाद्य कीमतों’ को मुख्य विषय बनाया गया था, और इस वर्ष का थीम ‘खाद्य कीमते - संकट से स्थिरता के लिए’ चुना गया है। खाद्य पदार्थो की बढ़ती वैश्विक कीमतों से जूझ रहें दुनिया के अधिकतर देश आज चिंता ग्रसित हैं।
दर्शन लाल विज्ञान अध्यापक
दर्शन लाल विज्ञान अध्यापक ने बताया  कि दुनिया के देशों में नित  नए नए हथियारों को प्राप्त करने की होड़ चल रही है और इस पर अरबों-खरबों  रुपए खर्च हो रहे हैं तो दूसरी ओर आज भी 85.5 करोड  लोग पुरुष, महिलाएं और बच्चे हैं जो भूखे पेट सोने को मजबूर हैं। संयुक्त राष्ट्र खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) की एक रिपोर्ट के अनुसार दुनिया में भरपूर खाद्यान्न भंडार है जो सभी का पेट भरने के लिए पर्याप्त है लेकिन इसके बावजूद आज 85.50 से अधिक ऐसे लोग हैं जो दीर्घकालिक भुखमरी और कुपोषण या अल्प पोषण की समस्या से जूझ रहे हैं। हमारे देश में ही नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर आबादी खाद्य पदार्थो के अनियमित बटंवारे से जूझ रही है। एक अरब से भी अधिक वैश्विक आबादी दैनिक आधार पर भूखी है और चौकाने की हद तक आबादी कुपोषण का शिकार है।

लोगो WFD
इस वर्ष के विश्व खाद्य दिवस आयोजन के निम्न लक्ष्य व उद्देश्य निर्धारित किये गये हैं। 
कृषि खाद्य उत्पादन बढाने के लिए राष्ट्रीय
, द्विपक्षीय, बहुपक्षीय और गैर - सरकारी प्रयासों को प्रोत्साहित करने पर ध्यान केंद्रित करना;
विकासशील देशों के बीच आर्थिक और तकनीकी सहयोग को प्रोत्साहित करना;
खास तौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में रहन सहन को प्रभावित करने वाले महत्वपूर्ण फैसलों और गतिविधियों में महिलाओं और निम्न विशेषाधिकार प्राप्त श्रेणियों की प्रतिभागिता बढ़ाने को प्रोत्साहन देना;
दुनिया भर में भूख की समस्या के प्रति जागरूकता बढ़ाना;
विकासशील देशों को प्रौद्योगिकियों  के हस्तांतरण को बढ़ावा देना;
भूख, कुपोषण और गरीबी के खिलाफ संघर्ष में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना, खाद्य और कृषि विकास के क्षेत्र में उपलब्धियों के लिए ध्यान आकर्षित करना।
अध्यापक मनोहर लाल
इस गोष्ठी में समाजसेवी, अध्यापक, प्राध्यापकों ने अपने विचार सांझा किये अध्यापक मनोहर लाल  ने बच्चों को बताया गया कि एक ओर हमारे और आपके घर में रोज सुबह रात का बचा हुआ खाना बासी समझकर फेंक दिया जाता है तो वहीं दूसरी ओर कुछ लोग ऐसे भी हैं जिन्हें एक वक्त का खाना तक नसीब नहीं होता और वह भूख से मर रहे हैं इसलिए वो अपनी थाली में उतना ही भोजन लें जितना वो खा सकते हैं जूठन के रूप में भोजन बर्बाद ना करने की शपथ दिलवाई गयी। 
प्रवक्ता संदीप कुमार
इतिहास प्रवक्ता संदीप कुमार ने कहा की आर्थिक मंदी की मार के कारण पूरी दुनिया त्रसित है जिस कारण महंगाई बेकाबू हो रही है जमाखोरी और ज्यादा मांग कीमतों को टिकने नहीं दे रही हैं इसीलिए यह मुद्दा वैश्विक स्तर पर गंभीर चिंता और बहस का विषय बन गया है। सत्तर के दशक से सन 2000 तक अनाज की कीमते इतनी तेज़ी से नहीं बढ़ी जितनी कि गत 5-6 वर्षों में बढ़ी हैं इस कारण रोटी तक भी गरीब की पहुँच मुश्किल होती जा रही है।
इको क्लब सदस्य
अमर उजाला अखबार में..........
दैनिक जागरण अखबार में ......

इस अवसर पर सभी स्टाफ सदस्य और इको क्लब सदस्य मौजूद थे।

प्रस्तुति: ईमली इको क्लब रा.व.मा.वि.अलाहर जिला,यमुना नगर हरियाणा 
द्वारा: दर्शन लाल बवेजा (विज्ञान अध्यापक)


बृहस्पतिवार, 11 अक्तूबर 2012

राज्य स्तरीय कैम्प में भाग लेंगें बच्चे State Level Camp

राज्य स्तरीय कैम्प में भाग लेंगें बच्चे State Level Camp

अलाहर स्कूल के बच्चे जूनियर रेडक्रास प्रशिक्षण शिविर में भाग लेगें  
प्रधानाचार्य जी के साथ बच्चे व स्टाफ
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अलाहर के 10 विद्यार्थी हरिद्वार में लगाए जा रहे जूनियर रेडक्रास प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए चयनित हुए हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री नरेंद्र ढींगरा ने बताया कि यह प्रशिक्षण शिविर 13 अक्टूबर से 19 अक्टूबर तक श्री नगली बेला आश्रम भूपतवाला हरिद्वार उत्तराखंड में लगेगा।  इस प्रशिक्षण शिविर में सारे हरियाणा प्रदेश से आये बच्चे सात दिनों तक विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। इस प्रशिक्षण शिविर में बच्चों के साथ अध्यापक सुनील कुमार व जसविंदर कौर भी जायेंगी।
दर्शन लाल विज्ञान अध्यापक ने बताया कि इस प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने के लिए बच्चों को ग्लोबल वार्मिंग, कन्या भ्रूण ह्त्या, रक्तदान, देहदान, एचआईवी एड्स विषयों पर प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए तैयारी करवाई गयी है। इस शिविर में यह बच्चे हरियाणवी डांस, गिद्दा व नाटक प्रतियोगिता में भी भाग लेंगें।
यहां अलाहर स्कूल के बच्चे अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन करके यमुनानगर को सर्वश्रेष्ठ जिला का अवार्ड दिलवाने का भरकस प्रयत्न करेंगें।
यह सभी चयनित बच्चे इस अवसर को पाकर बहुत खुश और उत्साहित है। कपिल चौहान, अंशुल, सलमान, ऋतिक, प्रिंस,सोनिया, कोमल, नेहा व ज्योति को  जिला रेडक्रास सचिव श्री श्याम सुंदर व जूनियर रेडक्रास प्रभारी श्री राजबीर सिंह ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
हरिभूमि  अखबार में .......
दैनिक भास्करअखबार में .....
 दैनिक जागरण अखबार में ........


प्रस्तुति: ईमली इको क्लब रा.व.मा.वि.अलाहर जिला,यमुना नगर हरियाणा 
द्वारा: दर्शन लाल बवेजा (विज्ञान अध्यापक)